Uncategorized

वेसलियन स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का गरिमामय विदाई समारोह सम्पन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वेसलियन स्कूल परिसर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक सुसंस्कृत, भावनात्मक एवं प्रेरणादायी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु मार्गदर्शन देना रहा। समारोह की शुरुआत पारंपरिक स्वागत के साथ हुई जिसमें कक्षा जूनियर विद्यार्थियों ने सीनियर विद्यार्थियों का तिलक कर, आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा के माध्यम से आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिसर में सौहार्द, उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण व्याप्त रहा। विद्यालय के प्राचार्य एस.मसीह ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा एवं संस्कार विद्यार्थियों को जीवन की प्रत्येक चुनौती में सही दिशा प्रदान करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। शिक्षिका श्रीमती पूनम सिंह ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को ईमानदारी, समर्पण एवं सतत प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व का निरंतर विकास करते हुए देश और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं मनोरंजक गतिविधियाँ प्रस्तुत की गई जिनका उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। अतिथियों एवं विद्यार्थियों के लिए सुसंगठित रूप से भोजन व्यवस्था भी की गई। समारोह के अंतिम चरण में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को उपाधियों से नवाजा गया जिसमें मिस फेयरवेल का खिताब हीना वर्मा, मिस्टर फेयरवेल भव्य चंद्राकर, मिस ईव यशिका देवांगन, मिस्टर ईव मानव जगमलानी, मिस परफेक्ट रूचि देवांगन एवं मिस्टर परफेक्ट का खिताब भूपत वर्मा को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन भावुक विदाई, मधुर स्मृतियों एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ किया गया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page