
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पांचवें चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय, रायपुर द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी 3 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। संस्था प्रबंधन के अनुसार लगभग 90 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश हो चुका है, ऐसे में शेष सीटों के लिए यह अंतिम प्रवेश अवसर है।शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में वर्तमान में पांच प्रमुख शाखाओं में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की शिक्षा संचालित की जा रही है। इनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग, मेटलर्जी इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग शामिल हैं।
6 सितंबर तक होगा ऑनलाइन पंजीयन
जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होकर 6 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगी। पंजीकृत अभ्यर्थियों की मेरिट सूची 7 सितंबर को शाम 5 बजे जारी की जाएगी। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 8 सितंबर 2026 को संस्था में उपस्थित होना होगा।
90 प्रतिशत विद्यार्थियों को मिला प्लेसमेंट अवसर
संस्थान के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्लेसमेंट रिकॉर्ड के अनुसार अंतिम वर्ष के करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के अवसर प्राप्त हुए हैं वहीं विद्यार्थियों का औसत सीटीसी 2.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष दर्ज किया गया। संस्थान प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने के प्रयासों को दर्शाती है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है संस्थान
शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में विद्यार्थियों के तकनीकी एवं सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी प्राध्यापक, पुस्तकालय सहित खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान करना है।डिप्लोमा इंजीनियरिंग करने के बाद विद्यार्थियों के लिए सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध होते हैं। औद्योगिक संस्थानों, विनिर्माण इकाइयों, बिजली एवं ऊर्जा क्षेत्र, ऑटोमोबाइल उद्योग, आईटी एवं कंप्यूटर क्षेत्र, इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग सहित विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में डिप्लोमा धारकों की मांग रहती है। संस्थान प्रबंधन ने तकनीकी शिक्षा के माध्यम से बेहतर करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करें। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
