KCG

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तेज की कवायद

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत जनसेवा के प्रति आभार विकसित भारत 2047 के संकल्प और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने विभागीय योजनाओं निर्माण कार्यों ऑनलाइन पोर्टलों की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित 12 प्रमुख पहलों की जानकारी लेते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा गतिविधियों का फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण और नियमित रिपोर्टिंग करने कहा गया।

प्रभारी कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अब हर माह आयोजित करने के निर्देश दिए। सड़कों पर आवारा एवं घुमंतू पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा में एग्रीस्टैक पोर्टल और फार्मर रजिस्ट्री के तहत किसान पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने शेष पात्र किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने कहा ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।

बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था बायोमीट्रिक उपस्थिति नियद नेल्लानार और पीएम जनमन योजना की भी समीक्षा की गई। हाल की भवन ढहने की घटनाओं को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित छात्र-छात्राओं के आवासीय भवनों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page