
12 सितंबर को टिकरीपारा देंउर मंदिर से निकलेगी भव्य सांस्कृतिक रैली,
गोंडवाना मैदान में सभा के बाद कवर्धा रोड पर होगी प्रतिमा स्थापना
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। छत्तीसगढ़ की संस्कृति परंपरा और माटी की अस्मिता की पहचान मानी जाने वाली छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के तत्वावधान में आगामी 12 सितंबर को प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे टिकरीपारा स्थित देंउर मंदिर परिसर से होगी। यहां से छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के साथ भव्य सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। रैली में पंथी, सुआ, कर्मा और गढ़वा बाजा की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रैली नगर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न चौराहों से होते हुए गोंडवाना मैदान पहुंचेगी।
गोंडवाना मैदान में होगी सभा
रैली के गोंडवाना मैदान पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात कवर्धा रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम को सांस्कृतिक गौरव और छत्तीसगढ़ी अस्मिता के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
रात में होगी जस झांकी
कार्यक्रम के तहत रात्रि में ‘दाई के दुलरवा’ जस झांकी पटपर का आयोजन भी किया गया है। दिनभर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर नगरवासियों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने नगर के सभी नागरिकों और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

