

शांति समिति की बैठक में समितियों को दिए दिशा-निर्देश, जुलूस, पंडाल, यातायात और विसर्जन व्यवस्था पर हुई चर्चा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बैठक में कानून-व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात पंडालों की सुरक्षा विद्युत एवं अग्निशमन व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभारी कलेक्टर ने समितियों से आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ उत्सव मनाने की अपील करते हुए कहा कि आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। शोभायात्रा एवं जुलूस के निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे के उपयोग में नियमों का ध्यान रखने कहा गया। पंडालों में पर्याप्त प्रकाश सुरक्षा इंतजाम और भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश डांडे ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। उन्होंने समितियों से पुलिस-प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और आयोजन से जुड़ी आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक में समिति पदाधिकारियों ने विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं रखीं जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने जिलेवासियों से गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है।