KCG

रक्षाबंधन से पहले छुईखदान का बाजार हुआ गुलजार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। भाई-बहन के प्रेम स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर छुईखदान का बाजार पूरी तरह सज चुका है। मुख्य बस स्टैंड से लेकर बाजार लाइन तक जगह-जगह राखियों की दुकानें सजी हैं। पिछले दो-तीन दिनों से राखियों की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से देर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी हुई है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदने छुईखदान पहुंच रही हैं। राखियों के अलावा मिठाई, कपड़े, उपहार और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। त्योहार के दौरान बढ़ी खरीदारी से व्यापारी भी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

इस बार पारंपरिक राखियों के साथ-साथ फैंसी और आकर्षक राखियों की मांग अधिक देखने को मिल रही है। बच्चों के लिए डोरेमोन छोटा भीम और स्पाइडरमैन जैसे कार्टून पात्रों वाली राखियां विशेष पसंद की जा रही हैं। वहीं स्टोन मोती कुंदन और चांदी के वर्क से सजी राखियां भी बहनों को आकर्षित कर रही हैं। भाइयों के लिए लुंबा राखियों की भी मांग बनी हुई है।
राखियों के साथ बहनें भाइयों के लिए उपहार भी खरीद रही हैं। साड़ी रेडीमेड कपड़े गिफ्ट आइटम और मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। बाजार में बढ़ी चहल-पहल से पूरे नगर में त्योहार का उत्सवी माहौल नजर आ रहा है।

रक्षाबंधन के चलते बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सक्रिय है ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page