
खैरागढ़। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना था। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इसके संयोजक राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष सुरेश कुमार आडवाणी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक नंदकुमार देवांगन ने उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर निर्माण, नारा लेखन, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम डीकेंद्र कुमार बी, द्वितीय रोशनी पटेल बीएससी, तृतीय चंद्रिका साहू बीए, नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम खिलेश्वरी साहू बीएससी, द्वितीय लोकश्वरी साहू एमए, तृतीय प्रतिमा वर्मा एमए, निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम मीना निषाद बीए, द्वितीय लोकश्वरी साहू एमए, तृतीय दीप्ति जंघेल बीए, भाषण प्रतियोगिता में प्रथम नेहा खेलवारे बीए, द्वितीय नेहा साहू बीए रही। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


