KCG

शासकीय महाविद्यालय गंडई में मनाया गया संविधान दिवस

गंडईपंडरिया। नगर स्थित स्व. देवी प्रसाद जी चौबे शासकीय महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ ही समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा की भूमिका तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य टीएल वर्मा ने विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों के पालन तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page