Uncategorized

केसीजी जिले में 27 नवंबर से मनेगा ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और स्थानीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के शासकीय स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थी छत्तीसगढ़ी एवं अपने क्षेत्र की स्थानीय बोली में विचार प्रस्तुत करने के साथ ही लोकगीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित इस सप्ताह के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और क्षेत्रीय बोलियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं भाषाई विरासत से जोड़ना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महतारी भाखा सम्मान सप्ताह की शुरुआत 27 नवंबर को मिडिल स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता के साथ होगी वहीं 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इसके बाद 30 नवंबर को जिले के मिडिल स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। हाई स्कूल स्तर पर 1 दिसंबर को वाद-विवाद तथा 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता होगी। इसी तरह हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध लेखन और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सप्ताह का समापन 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर छत्तीसगढ़ी अथवा स्थानीय बोली में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के साथ होगा।

प्रतियोगिताओं को लेकर आवश्यक मापदंड भी तय किए गए हैं। निबंध लेखन के लिए अधिकतम 200 शब्द और 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है वहीं भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट का समय मिलेगा। लोकगीत प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी यदि वाद्ययंत्रों का उपयोग करते हैं तो उन्हें इसकी व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

शालेय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा और स्थानीय बोलियों में अभिव्यक्ति का मंच मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव, सम्मान और अपनत्व की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page