
जिले में 17 से 23 अगस्त तक चलेगा ‘खाबो–बने रहिबो 2.0’ अभियान
मिठाई दुकानों से होटल-रेस्टोरेंट तक होगी जांच
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के लिए सात दिवसीय ‘खाबो–बने रहिबो 2.0’ अभियान शुरू किया है। 17 से 23 अगस्त तक चलने वाले अभियान में जिले के मिठाई बाजारों, होटल-रेस्टोरेंट, ढाबों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि शासन की मंशा अनुरूप अभियान में मिलावटी, अमानक, मिथ्याछाप और असुरक्षित मिठाइयों के निर्माण एवं बिक्री पर विशेष नजर रहेगी। दूध से बनी होने का दावा करने वाली मिठाइयों में गैर-दुग्ध सामग्री के इस्तेमाल की भी जांच की जाएगी। बिना लेबल, सामग्री विवरण अथवा भ्रामक लेबल वाले खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई होगी। जांच के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर बिल, सप्लायर विवरण और अभिलेखों के आधार पर सोर्स ट्रेसिंग कर निर्माता, थोक विक्रेता और वितरक तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। होटल व रेस्टोरेंट में बटर, क्रीम, चीज और पनीर के नाम पर उपयोग की जा रही सामग्री की वास्तविक प्रकृति भी जांची जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नमूने लेकर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया जाएगा वहीं आवश्यकता पड़ने पर खाद्य पदार्थों की जब्ती और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल वनस्पति तेल या वसा पाए जाने मात्र से किसी मिठाई को स्वतः प्रतिबंधित नहीं माना जाएगा बल्कि उत्पाद की वास्तविक प्रकृति, सामग्री और लेबलिंग के आधार पर कार्रवाई होगी।
अभियान के तहत नागरिकों और खाद्य कारोबारियों को मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। जिले में की गई कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
