
गाली-गलौज के बाद बांस की कमचील लकड़ी से किया हमला
अस्पताल में उपचार के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरटोला में पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पोते ने अपनी 70 वर्षीय दादी पर बांस की कमचील लकड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना 13 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे की है। ग्राम ठाकुरटोला निवासी चन्द्रध्वज सिंह उर्फ विक्की (28 वर्ष), पिता मोरध्वज पुलस्त्य का अपनी दादी चमेली बाई (70 वर्ष), पति नीलाम्बूज से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दादी के साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की तथा बांस की कमचील लकड़ी से भी हमला किया। हमले में चमेली बाई की दाहिनी आंख के ऊपर कनपटी के पास गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान लेकर पहुंचे जहां रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना 14 अगस्त की सुबह करीब 8:40 बजे पुलिस को मिली। रिपोर्ट के आधार पर थाना मोहगांव में अपराध क्रमांक 17/2026 दर्ज कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रध्वज सिंह उर्फ विक्की को 14 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान मारपीट में इस्तेमाल की गई दो नग बांस की कमचील लकड़ी भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र टंडन, एएसआई रोहित रजक, प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह, आरक्षक मनोज बंजारे एवं आरक्षक आशीष राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।