KCG

रक्षाबंधन पर छात्राओं ने पेड़-पौधों को बांधी राखी, संरक्षण का लिया संकल्प

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला खैरागढ़ में प्रकृति संरक्षण को समर्पित अनूठी पहल की गई। शाला परिसर में रोपित पेड़-पौधों को छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के साथ पेड़-पौधों को परिवार के सदस्य की तरह सहेजने का संदेश दिया है। कार्यक्रम से पूर्व प्रार्थना सभा स्थल पर शाला के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने छात्राओं को प्रकृति और पर्यावरण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जल जंगल और जमीन हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं जिनका संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आवश्यक है। जल जीवन का आधार है जबकि पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के साथ वर्षा चक्र को भी संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षा से प्राप्त जल कृषि के लिए उपयोगी होता है और कृषि हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। वहीं जमीन मानव जीवन के लिए आश्रय उपलब्ध कराने के साथ अपने भीतर बहुमूल्य खनिज संसाधन और ऊपरी सतह पर विपुल वन संपदा समेटे हुए है। इसलिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह ने छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को शाला परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने समय-समय पर पानी एवं खाद देने तथा उन्हें नुकसान से बचाने का संकल्प दिलाया। रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधने की पहल ने पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए छात्राओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। इस अवसर पर शाला परिवार के शिक्षक एवं व्याख्याता कुणाल टंडन, किशोर यादव, विनीता दीक्षित, खूम वर्मा, नीलू सिंह, तृप्ति दशरिया, उत्तरा साहू, करन साहू, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, गुंजन सिंह दीक्षित, उमा देवी त्रिपाठी, रिया जैन, चन्देशकर रजक, शोयब खान, नंदकुमार देवांगन, योगेन्द्र देवांगन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page