मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन, अर्धदिवसीय अवकाश लेकर जुटेंगे शिक्षक
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन शालेय शिक्षक संघ और संयुक्त शिक्षक संघ के संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा शिक्षकों के लिए टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता के विरोध में प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद शिक्षकों के लिए टेट उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता लागू होने के बावजूद केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों के हित में अपेक्षित सहानुभूतिपूर्ण निर्णय नहीं लिए जाने से शिक्षक संगठनों में नाराजगी है। इसी क्रम में 25 अगस्त को दोपहर 2 बजे शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा अर्धदिवसीय अवकाश लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर खैरागढ़ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। शिक्षक संगठनों का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को टेट की अनिवार्यता से राहत प्रदान करते हुए उनके हित में उचित निर्णय लिया जाना चाहिए। संयुक्त मोर्चा द्वारा टेट की अनिवार्यता से मुक्ति सहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। इस दौरान जिलेभर के शिक्षक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की जानकारी जिला अध्यक्ष संजय सिंह राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष खैरागढ़ रामेश्वर वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष छुईखदान बलदाऊ जंघेल एवं जिला प्रवक्ता अनिल गंगये ने दी है।
