KCG

रकबे की बंदिश से खाद के लिए भटक रहे किसान, अतिरिक्त खाद और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग

खैरागढ़। खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लागू की गई डिजिटल प्रणाली अब किसानों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। एग्रीस्टैक एवं एफएफएस प्रणाली के तहत किसानों को उनके पंजीकृत रकबे और ऑनलाइन दर्ज फसल संबंधी जानकारी के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में वास्तविक खेती और सरकारी रिकॉर्ड में अंतर होने के कारण किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रही है। इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूर्व सांसद प्रतिनिधि (लोकसभा राजनांदगांव) एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि (विधानसभा खैरागढ़) कपिनाथ महोबिया ने किसानों को उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने और वितरण प्रणाली में आवश्यक सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के ऑनलाइन रिकॉर्ड में कम रकबा दर्ज है अथवा भूमि संबंधी जानकारी अपडेट नहीं है उन्हें निर्धारित सीमा से अधिक खाद की आवश्यकता होने पर भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसका सीधा असर चना, गेहूं सहित अन्य फसलों की खेती पर पड़ रहा है। श्री महोबिया ने कहा कि खेती में खाद की आवश्यकता केवल जमीन के रकबे से निर्धारित नहीं होती बल्कि फसल के प्रकार, मिट्टी की प्रकृति, सिंचाई की उपलब्धता और उत्पादन लक्ष्य के आधार पर भी खाद की मात्रा तय होती है। कई बार किसानों को निर्धारित सीमा से अधिक खाद की जरूरत होती है लेकिन ऑनलाइन प्रणाली में तय मात्रा के कारण उन्हें अतिरिक्त खाद नहीं मिल पाती। इस समस्या से छोटे, सीमांत और बड़े किसान सभी प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से संयुक्त खातों, अधूरे भूमि रिकॉर्ड तथा वास्तविक खेती और सरकारी रिकॉर्ड में अंतर के चलते किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने हाल ही में आए चक्रवाती तूफान के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। श्री महोबिया ने प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के साथ ही फसल क्षति का उचित आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि खाद वितरण में केवल एग्रीस्टैक के ऑनलाइन आंकड़ों को आधार बनाने के बजाय किसानों की वास्तविक खेती और फसल की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जाए। जिन किसानों को निर्धारित मात्रा से अधिक खाद की आवश्यकता है उन्हें कृषि विभाग के सत्यापन के बाद अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य खाद वितरण में पारदर्शिता लाना और कालाबाजारी रोकना है लेकिन तकनीकी नियमों के कारण वास्तविक किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक खाद से वंचित करना उचित नहीं है। सरकार को किसानों की जमीनी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार करना चाहिए ताकि खाद की अनुपलब्धता के कारण उनकी फसल और कृषि कार्य प्रभावित न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page