KCG

ओबीसी की जातिगत जनगणना की मांग को लेकर 28 नवंबर को दिल्ली कूच, आंदोलन में शामिल होने का लिया संकल्प

खैरागढ़। राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिगत गणना कराने तथा जनसंख्या के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के ओबीसी संगठनों ने एकजुट होकर आंदोलन की रणनीति तैयार की है। इसी कड़ी में रायपुर के फूल चौक में अखिल भारतीय जातिगत जनगणना समन्वय समिति (छत्तीसगढ़ प्रदेश) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी 28 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले आंदोलन में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। बैठक के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य डॉ. पुष्पराज सिंह ने कहा कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ओबीसी समाज का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग को व्यापक स्तर पर उठाने की जरूरत पर जोर दिया। इंजी. रामजी सिंह कबीर के संयोजन में आयोजित इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के सटीक आंकड़े उपलब्ध होने से ही शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी निर्धारण संभव हो सकेगा। जातिगत जनगणना के आंकड़े सामाजिक न्याय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का आधार बन सकते हैं। बैठक में खैरागढ़ से शामिल विप्लव साहू ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को विकास के समान अवसर मिलने चाहिए। समाज के सभी वर्गों को समान शुरुआती अवसर और संसाधन उपलब्ध होंगे, तभी उनकी प्रतिभा एवं क्षमता का पूरा उपयोग राष्ट्र के विकास में हो सकेगा। उन्होंने ओबीसी की जातिगत जनगणना को सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण विषय बताया।आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार से राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी की जातिगत गणना कराने तथा जनसंख्या के अनुपात में शिक्षा, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधिकार और अवसर सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। बैठक में ओबीसी महासभा, ओबीसी संगम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page