
वेसलियन स्कूल में बाल दिवस पर बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
खैरागढ़। बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वेसलियन इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल खैरागढ़ में बाल दिवस के अवसर पर बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और उल्लास से भरे इस आयोजन में कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए। विद्यार्थियों ने न केवल अपने पाक कौशल का परिचय दिया, बल्कि स्टॉल के संचालन, व्यवस्था और आपसी समन्वय के माध्यम से प्रबंधन क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान का भी प्रदर्शन किया। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए मेले का आनंद लिया वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा चौथी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विज्ञान, तकनीक, आधुनिक विकास और जनजागरूकता से जुड़े विषयों को रोचक ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी भी दी। उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार और कल्पनाशीलता ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रयोग, अनुसंधान और नई संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया। इस बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने पारंपरिक राउत नाचा और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया। विशेष रूप से कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों को दर्शकों की भरपूर सराहना मिली। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस.मसीह ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और बच्चों के प्रति उनके स्नेहपूर्ण दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में विद्यालय के हेड बॉय नैतिक सेन, हेड गर्ल राजनंदनी देवांगन, सांस्कृतिक सचिव गीतव्य पराग तुरे एवं तुलसी साहू ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। पालक समिति के सदस्य जेठू राम मार्कंडे एवं मुमताज खान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की सफलता में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बाल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, व्यावहारिक कौशल और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी है। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे अभिव्यक्त करने और अनुभव के माध्यम से सीखने का सार्थक अवसर प्रदान किया।
