KCG

13839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता किसानों के साथ छलावा, प्रदेश सरकार अगर किसान हितैषी है तो दे सीधे 19,257 रुपये- नीलांबर वर्मा

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए राज्य सरकार द्वारा घोषित 13839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि को लेकर कांग्रेस नेता एवं खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा के प्रतिनिधि नीलांबर वर्मा ने सरकार पर किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रति एकड़ सहायता राशि का प्रचार कर वास्तविकता पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है जबकि कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि लगातार घटाई जा रही है। उन्होंने किसानों को 917 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 19257 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता देने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नीलांबर वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी का वादा कर सत्ता में आई थी। उस समय केंद्र सरकार का समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल था और राज्य सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से 917 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त सहायता दे रही थी लेकिन केंद्र द्वारा समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी किए जाने के साथ ही राज्य सरकार ने अपनी सहायता राशि में कटौती शुरू कर दी। पहले समर्थन मूल्य 2300 रुपये होने पर सहायता राशि 917 से घटाकर 800 रुपये, फिर 69 रुपये की वृद्धि के बाद 731 रुपये और इस वर्ष समर्थन मूल्य में 72 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसे घटाकर 659 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में पिछले तीन वर्षों के दौरान की गई कुल 258 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि का लाभ किसानों को देने के बजाय राज्य सरकार अपनी सहायता राशि में कटौती कर रही है। बढ़ती महंगाई और कृषि लागत के बीच किसानों की मांग है कि 3100 रुपये के वादे में समर्थन मूल्य की बढ़ोतरी जोड़कर 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जाए। किसान नेता नीलांबर ने कहा कि 659 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता राशि को 21 क्विंटल से गुणा कर 13839 रुपये प्रति एकड़ घोषित किया गया है। इसे नई राहत के रूप में प्रचारित करना किसानों को गुमराह करने का प्रयास है। कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ समान सहायता देने की घोषणा के जरिए सरकार किसान हितैषी छवि बनाने में जुटी है जबकि मूल मांग से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि समर्थन मूल्य वृद्धि की राशि के रूप में पिछले दो वर्षों के 4366 करोड़ रुपये और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के 1700 करोड़ रुपये सहित कुल 6066 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है। उन्होंने सरकार से कृषक उन्नति योजना के तहत 917 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 19257 रुपये प्रति एकड़ सहायता देने तथा 6066 करोड़ रुपये के बकाया का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के आर्थिक हितों की अनदेखी और उनके हक की राशि रोकने के खिलाफ आगे आंदोलन किया जाएगा और भाजपा की साय सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page