KCG

मेहनत, लगन और गुरुजनों के आशीर्वाद से गंडई के 64 छात्रों ने रोशन किया क्षेत्र का नाम

गंडई-पंडरिया। प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती जरूरत होती है सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति की। इसी बात को सच साबित करते हुए नवप्रयास कोचिंग सेंटर गंडई के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की प्रवेश एवं चयन परीक्षाओं में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इन होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धि पर बाल दिवस के अवसर पर शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में भव्य मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सफल विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर तालियों की गूंज, उत्साह और खुशियों से सराबोर रहा। बच्चों की इस उपलब्धि पर 300 से अधिक पालकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर उनका उत्साहवर्धन किया।*पांच प्रतिष्ठित परीक्षाओं में 64 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता*नवप्रयास कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। संस्था के कुल 64 विद्यार्थियों ने विभिन्न चयन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। इनमें प्रयास विद्यालय की चयन परीक्षा में सर्वाधिक 29 विद्यार्थियों का चयन हुआ है वहीं राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में 20, एकलव्य आवासीय विद्यालय में 6, सैनिक स्कूल में 5 तथा जवाहर नवोदय विद्यालय में 4 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।

नवप्रयास कोचिंग सेंटर गंडई शासकीय शिक्षकों की निःस्वार्थ सेवा, समर्पण और सामूहिक सहयोग से संचालित एक सराहनीय शैक्षणिक पहल है। यहां प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह निःशुल्क कराई जाती है। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों को पूरा करने से वंचित न रहे। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेन्द्र कुमार सुधाकर, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, पार्षद प्रकाश पटेल एवं राकेश निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नवप्रयास केवल एक कोचिंग सेंटर नहीं, बल्कि गरीब एवं ग्रामीण अंचल के बच्चों के सपनों को पंख देने वाला प्रेरणादायी केंद्र है। यहां शिक्षक जिस निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव से बच्चों का भविष्य संवारने में जुटे हैं, वह अनुकरणीय है। ऐसे शिक्षक वास्तव में समाज और राष्ट्र के सच्चे निर्माता हैं।

समारोह का सबसे भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण उस समय देखने को मिला, जब सैनिक स्कूल में चयनित पांचों विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किया गया। देश की रक्षा और सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना संजोए इन बच्चों के सम्मान में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं पालकों ने खड़े होकर सैल्यूट किया। इस दृश्य ने पूरे वातावरण को भावुक और गौरवान्वित कर दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों को भविष्य में देश की सेवा करने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो की निधि से 2 लाख 50 हजार रुपये की लागत का डिजिटल बोर्ड तथा वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद दिलीप ओगरे की ओर से 25 हजार रुपये की फोटोकॉपी प्रिंटर मशीन संस्था को उपलब्ध कराई गई है। इन संसाधनों से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी। बाल दिवस के अवसर पर संस्था के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली भी बनाई गई थी, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं पालकों ने खूब सराहना की।

कार्यक्रम में संस्था से जुड़े शिक्षकों एवं सदस्यों के समर्पण और सहयोग की विशेष रूप से सराहना की गई। संस्था की दो वर्षों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी कौशल सिंह राजपूत ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, नियमित मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत से संस्था लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही है। कार्यक्रम में यात्री पड़वार, संकुल समन्वयक कौशल सिंह राजपूत, राजेश कुमार श्रीवास्तव, पुनेश्वर राम देवांगन, भागचंद साहू, महेश कुमार वर्मा, विरेन्द्र कुमार वर्मा, खेमशंकर साहू, खेमलाल जंघेल, दीपक मिश्रा, पूर्णेश वैष्णव, उज्जवल नामदेव, जगदीश पटेल, मायाराम राठौर, परषोत्तम साहू, सुशील कुमार साहू, कौशल श्रीवास्तव, मुकेश कश्यप, शेख कलीम, पन्नालाल जंघेल, संतोष कुमार रजक, शेष नारायण साहू, लक्ष्मी निर्मलकर, रामदत्त साहू, भीखेंद्र जंघेल, शिवचरण वर्मा, प्रभाकर जंघेल, तोकराम सिन्हा, गांधी राम साहू, देवेंद्र साहू, संतोष दास झारिया एवं कमलेश सिंह नेताम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, पालक और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

नवप्रयास कोचिंग सेंटर की यह उपलब्धि शिक्षा के प्रति समर्पण, सामूहिक प्रयास और निःस्वार्थ सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। संस्था ने यह साबित किया है कि यदि शिक्षकों का मार्गदर्शन और समाज का सहयोग मिले, तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं। आज ये 64 विद्यार्थी गंडई क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं। निश्चित ही इनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देगी। सही कहा गया है कि मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। आज गंडई के ये सितारे अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं और आने वाले समय में देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page