
लोक निर्माण विभाग ने 1/2 किलोमीटर हिस्से में शुरू कराया सुधार कार्य

सड़क की बदहाली और मरम्मत की गुणवत्ता जाँच जरुरी
खैरागढ़। जिले को डोंगरगढ़ से सीधे और सहज रूप से जोड़ने वाली भंडारपुर–परसबोड़ मार्ग की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने पैच मरम्मत का काम शुरू कराया है। विभाग इसे ग्रामीणों की आवाजाही सुगम बनाने की दिशा में कदम बता रहा है लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर बड़ा सवाल यह है कि क्या छोटे-छोटे गड्ढों पर पैबंद लगाकर ही ग्रामीण मार्गों की समस्या का स्थायी समाधान हो पाएगा?लोक निर्माण विभाग के खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर के मुताबिक आरआरपी के अंतर्गत भंडारपुर–परसबोड़ मार्ग के चेनज 1/2 किलोमीटर पर पीजी मद से पैच मरम्मत कराई जा रही है। इसके तहत क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि इससे सड़क की सतह बेहतर होगी और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीण सड़कों की स्थिति सीधे तौर पर किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को प्रभावित करती है। सड़क पर गड्ढे और उखड़ी सतह दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ाते हैं। ऐसे में मरम्मत कार्य जरूरी है लेकिन इसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मरम्मत की गुणवत्ता और स्थायित्व की होगी असली परीक्षा
सवाल यह है कि सड़क किन कारणों से क्षतिग्रस्त हुई और क्या केवल पैचवर्क से समस्या का समाधान संभव है? मरम्मत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तकनीकी मानकों, कार्य की लागत और गुणवत्ता की निगरानी भी महत्वपूर्ण विषय हैं। विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि मरम्मत महज औपचारिकता बनकर न रह जाए और कुछ ही समय बाद सड़क फिर पुराने हाल में न पहुंच जाए। फिलहाल चिन्हित हिस्से में मरम्मत कार्य जारी है। अब देखना होगा कि विभाग इस काम को निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा कर ग्रामीणों को वास्तव में राहत दे पाता है या नहीं।
