KCG

बाजार अतरिया में अवैध धान भंडारण का खुलासा, 17 क्विंटल धान जब्त

खैरागढ़। धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध भंडारण और अनियमित कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार अतरिया में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर औचक दबिश देकर 17 क्विंटल धान जब्त किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार संयुक्त जांच दल ने बाजार अतरिया स्थित मेसर्स आगर चंद पारख के व्यापारिक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में 17 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 की धारा 19(4) के तहत की गई।कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर, खाद्य निरीक्षक विनोद सागर एवं मनीष ध्रुव तथा मंडी उपनिरीक्षक हरीश सिंह शामिल थे। टीम ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध धान के भंडारण एवं कारोबार से संबंधित स्थिति का निरीक्षण किया।

धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनियमित खरीद-बिक्री और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं मंडी विभाग द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभागीय जांच का उद्देश्य धान के कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही शासन के निर्धारित नियमों का पालन कराना है। जाँच अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी अवधि में संयुक्त जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page