KCG

पुरुषोत्तम वर्मा बने ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी जिलों के लिए जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.अनिल जयहिंद द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग का जिला अध्यक्ष खैरागढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के धनेली वार्ड से लगातार तीसरी बार पार्षद निर्वाचित पुरुषोत्तम वर्मा को नियुक्त किया गया है। पुरुषोत्तम वर्मा लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें पूर्व विधायक व सांसद स्व.देवव्रत सिंह के करीबी नेताओं में माना जाता रहा है। देवव्रत सिंह के निधन के बाद भी उनकी राजनीतिक सक्रियता राजकुमारी शताक्षी सिंह और नवाज खान गुट के साथ बनी हुई है। ज्ञात हो कि राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही कि खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा के समर्थक खेमे से भी कुछ नाम ओबीसी जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल थे लेकिन अंततः संगठन ने पुरुषोत्तम वर्मा पर भरोसा जताया। नियुक्ति की घोषणा के बाद खैरागढ़ में उनके समर्थकों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पुरुषोत्तम वर्मा ने कहा कि कांग्रेस में संगठन का निर्णय सर्वोपरि होता है और गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। साथ ही जिले के अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय के उत्थान, विकास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करने की बात कही।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page