पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दादा-दादी एवं नाना-नानी दिवस

बच्चों ने तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर किया बुजुर्गों का आत्मीय स्वागत
खैरागढ़। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में 21 नवंबर 2026 को दादा-दादी एवं नाना-नानी दिवस हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्नेह, सम्मान और पारिवारिक संस्कारों से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में परिवार के बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम और सेवा भाव की भावना विकसित करना रहा।कार्यक्रम में पहुंचे दादा-दादी एवं नाना-नानी का विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों के इस अनूठे सम्मान से अतिथि भावविभोर नजर आए। इसके पश्चात प्राचार्य अंजय कुमार, प्राथमिक विभाग की मुख्याध्यापक श्रीमती ज्योति रंगारी एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत से हुई। इस दौरान बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए शुभकामना पत्र (ग्रीटिंग कार्ड) दादा-दादी एवं नाना-नानी को भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी हमारे परिवार की जड़ें तथा संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना, उनकी सेवा करना और उनके अनुभवों से सीख लेना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का स्नेह और आशीर्वाद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के पश्चात दादा-दादी एवं नाना-नानी ने भी अपने विचार साझा किए। इस दौरान श्यामलाल साहू ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा उनके सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम से उन्हें विशेष अनुभूति हुई। उन्होंने इस आयोजन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विभाग की मुख्याध्यापक श्रीमती ज्योति रंगारी ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा पांचवीं के छात्र तन्मय वर्मा एवं छात्रा सिद्धिका साहू ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
