KCG

नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस ने दिखाई सख्ती, छुईखदान में 10 अभिभावकों के काटे गये चालान

छुईखदान। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ छुईखदान पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस ने नगर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र तथा स्कूल-कॉलेज मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 100 वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 19 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई करते हुए 24,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 10 मामलों में संबंधित अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे 20 हजार रुपये का समन शुल्क लिया गया वहीं तीन सवारी और बिना हेलमेट वाहन चलाने के 9 मामलों में 4,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों के साथ उनके अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने पर अभिभावक अथवा वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। इसमें तीन वर्ष तक की कैद, 25 हजार रुपये तक जुर्माना तथा वाहन का पंजीयन 12 माह के लिए निरस्त किए जाने का प्रावधान है। इस मामले में छुईखदान पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान की सुरक्षा के लिए भी यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह का वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page