
ग्राम लिमो और सड़क अतरिया केंद्रों में खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा

पारदर्शिता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
खैरागढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने गंडई क्षेत्र के लिमो एवं सड़क अतरिया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी की प्रगति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ किसानों से चर्चा कर टोकन एवं धान विक्रय प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने किसानों से खरीदी केंद्रों में मिल रही सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए केंद्र प्रभारियों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जारी टोकन, धान विक्रय कर चुके किसानों की संख्या और अब तक हुई खरीदी की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं नमी की जांच तथा तौल में शुद्धता बरतने को कहा साथ ही खरीदी संबंधी अभिलेखों और ऑनलाइन प्रविष्टियों को नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रवाल ने धान की स्टेकिंग एवं भंडारण व्यवस्था भी देखी। उन्होंने बोरियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा धान को नमी और बारिश से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। किसानों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने एवं छाया की व्यवस्था, परिसर में साफ-सफाई और वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पर्याप्त बारदानों और तौल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि खरीदी अवधि में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
