Uncategorized

दोगुना रकम दिलाने का झांसा देकर 12.50 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव के मार्गदर्शन एवं जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा के निर्देश में केसीजी जिला पुलिस ने लगातार 30 घंटे तक चले विशेष अभियान के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी विभिन्न जिलों में लोगों को झांसा देकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और पहचान छिपाने के लिए लगातार अपना नाम और पता बदलते रहे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरई निवासी 28 वर्षीय रेखचंद जंघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 से जनवरी 2022 के बीच आरोपियों ने उसे दवा कंपनी में निवेश कराने और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। साथ ही दवाइयों की बिक्री पर 30 प्रतिशत कमीशन दिलाने का प्रलोभन देकर उससे कुल 12 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर 3 फरवरी 2025 को छुईखदान थाने में धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुखविंदर सिंग कडियाला निवासी सेक्टर 7 भिलाई और हुलास कुमार साहू निवासी ग्राम बोरई को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने ठगी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 5 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी हुलास कुमार साहू को अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की है जबकि सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड में उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page