KCG

जिले के साल्हेवारा बांध में हुआ मॉक ड्रिल, ग्रामीणों को सिखाई गईं जीवनरक्षक तकनीक

खैरागढ़। बाढ़ और जल दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा और त्वरित बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को साल्हेवारा बांध में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने व्यापक व्यावहारिक प्रदर्शन किया। NDRF की 03 BN कटक (ओडिशा) की 30 सदस्यीय टीम ने ग्रामीणों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। कमांडेंट आदित्य रेड्डी के नेतृत्व में पहुंचे NDRF के जवानों और प्रशिक्षित गोताखोरों ने बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, नाव पलटने पर मछुआरों एवं पर्यटकों की जान बचाने तथा पानी में डूबे व्यक्तियों को बाहर निकालने की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही डूबने की घटना के बाद पीड़ित को तत्काल प्राथमिक उपचार देने, CPR करने और फर्स्ट एड की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण पहलू सीमित संसाधनों में बचाव के उपायों का प्रदर्शन रहा। टीम ने घरेलू उपयोग की खाली प्लास्टिक बोतलों, तेल के पीपों और जरीकेन जैसी सामान्य वस्तुओं से अस्थायी तैरने वाले उपकरण (इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस) तैयार करने की विधि बताई। इनके माध्यम से बाढ़ के दौरान फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और पानी में डूबने से बचाने के तरीके समझाए गए। इस दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, वन, SDRF और अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित लगभग 200 ग्रामीणों ने भाग लिया।

बता दे कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल विभागीय अमले को प्रशिक्षण देना नहीं बल्कि ग्रामीणों को भी आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा और प्राथमिक बचाव के लिए सक्षम बनाना था। बाढ़ अथवा जल दुर्घटना के दौरान कई बार बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लगता है। ऐसे में स्थानीय लोगों को उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित उपयोग, प्राथमिक उपचार और बचाव की बुनियादी जानकारी होना बेहद महत्वपूर्ण है। NDRF के इस प्रदर्शन ने ग्रामीणों को आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सावधानी से काम लेने का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page