KCG

गंडई क्षेत्र में ‘अकवान’ चक्रवात का असर, दिनभर होती रही रिमझिम बारिश

गंडई-पंडरिया। अकवान चक्रवात के प्रभाव से क्षेत्र के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। गंडई नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में दिनभर रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। आसमान में घने बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है वहीं इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि वर्तमान में खेतों में धान की फसल पककर तैयार खड़ी है। कई गांवों में धान की कटाई और फसल को समेटने का काम भी जारी है। ऐसे समय में हो रही बारिश से खड़ी फसल के गिरने तथा कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल के भीगने का खतरा बढ़ गया है। लगातार नमी बने रहने से धान की बालियों में अंकुरण होने, दानों का रंग काला पड़ने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है वहीं क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही सब्जियों की खेती पर भी मौसम की मार पड़ने की आशंका है। टमाटर, गोभी, बैंगन और विभिन्न प्रकार की भाजी की फसलों में लगातार नमी और धूप की कमी के कारण कीट प्रकोप तथा फफूंदजनित रोगों का खतरा बढ़ सकता है। इससे सब्जियों की पैदावार और गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि धान की फसल तैयार होने के समय मौसम में आए इस बदलाव ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को अधिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल किसान मौसम साफ होने और धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page