खैरागढ़ के मुहड़बरी पंचायत में 19.15 लाख के भुगतान पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप, आरटीआई से खुला खर्चों का ब्योरा

नाली निर्माण, सफाई और पेयजल व्यवस्था पर खर्च के बावजूद समस्याएं बरकरार
ग्रामीणों ने कार्यों की वास्तविकता पर उठाए सवाल
खैरागढ़। ग्राम पंचायत मुहड़बरी में विकास कार्यों, निर्माण सामग्री, मजदूरी, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था के नाम पर किए गए 19 लाख 15 हजार 997 रुपये के भुगतान को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त दस्तावेजों में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान किए गए भुगतानों का विस्तृत ब्यौरा सामने आया है। इसके बाद पंचायत के खर्चों और संबंधित कार्यों की जमीनी हकीकत को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा तेज हो गई है। आरटीआई के माध्यम से जागरूक युवा दिनुप्रकाश भारती द्वारा प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, सरपंच राकेश वर्मा और सचिव रामकुमार राडेकर के कार्यकाल में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 11 लाख 57 हजार 641 रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 7 लाख 58 हजार 356 रुपये का भुगतान किया गया है। इस प्रकार दोनों वित्तीय वर्षों में कुल 19 लाख 15 हजार 997 रुपये के भुगतान का विवरण सामने आया है। भुगतान सूची में नाली निर्माण, सफाई एवं मरम्मत, कच्चा नाला बंधान, पेयजल व्यवस्था, बोर और हैंडपंप मरम्मत, डस्ट बिछाई तथा सीसी रोड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि जिन कार्यों के नाम पर राशि खर्च की गई, उनमें से कई की स्थिति धरातल पर संतोषजनक नहीं है। गांव में नालियों की समस्या और पेयजल संकट अब भी बने रहने से खर्च की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। दस्तावेजों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में नाली सफाई के नाम पर अनीता साहू को 20 हजार 358 रुपये और पुनः 13 हजार 572 रुपये का भुगतान दर्ज है वहीं टीकम पिता जगतू को साफ-सफाई एवं मरम्मत के नाम पर दो बार 10 हजार 962-10 हजार 962 रुपये का भुगतान किया गया है। मामले के खुलासे के बाद अब सवाल यह है कि नाली सफाई, मरम्मत और पेयजल व्यवस्था पर लगातार राशि खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को बुनियादी समस्याओं से राहत क्यों नहीं मिल रही है? ग्रामीणों ने भुगतान के अनुरूप कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच और खर्चों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।