

घुमंतू पशुओं की रोकथाम और रेडियम लगाने के निर्देश, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं निर्माण कार्यों ऑनलाइन पोर्टलों की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हर माह आयोजित करने कहा। उन्होंने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में घुमंतू एवं आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए टीम गठित कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। रात में पशुओं की दृश्यता बढ़ाने के लिए उनके शरीर पर रेडियम लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के तहत शेष मैपिंग एवं सर्वे कार्य जल्द पूरा कराने के साथ आंगनबाड़ी भवनों की अद्यतन स्थिति तैयार करने के निर्देश दिए। कृषि क्षेत्र की समीक्षा में एग्रीस्टैक पोर्टल पर फार्मर रजिस्ट्री के शेष पात्र किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूरा कराने कहा। राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों ई-डिस्ट्रिक्ट आवेदनों मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा कार्य में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।