KCG

धरमपुरा में सरकारी शराब दुकान और चखना सेंटर के पास गंदगी का अंबार, पालिका की स्वच्छता व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

खुले में बिखरे प्लास्टिक, डिस्पोजल और खाद्य पैकेटों के बीच भोजन तलाश रहे निरीह मवेशी

नागरिकों ने पालिका से सफाई और दुकानदारों की जवाबदेही तय करने की उठाई मांग

खैरागढ़। शहर के धरमपुरा स्थित शराब दुकान के पास संचालित चखना दुकानों के आसपास पसरी गंदगी सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही है। यहां खाने-पीने के खाली पैकेट, प्लास्टिक, डिस्पोजल गिलास और पानी की बोतलें खुले में बिखरी पड़ी हैं। कचरे के ढेर के बीच मवेशी भोजन तलाशते नजर आ रहे हैं। इस स्थिति ने न केवल नगर पालिका की सफाई व्यवस्था, बल्कि दुकानदारों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस कचरे को चखना दुकानों से निकलने वाला बताया जा रहा है। ऐसे में महती प्रश्न है कि दुकान संचालकों द्वारा कचरे के संग्रह और निपटान की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है? ग्राहकों के इस्तेमाल के बाद डिस्पोजल और खाद्य पैकेट सड़क किनारे फेंके जाने से रोकने के लिए भी कोई प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आ रहा है।

आवारा छोड़े गये मवेशियों के लिए खतरा बना कचरा

खुले में पड़े खाद्य अवशेषों और प्लास्टिक के बीच भोजन तलाशते मवेशियों के प्लास्टिक निगलने की आशंका बनी रहती है वहीं लंबे समय तक कचरा जमा रहने से दुर्गंध, मक्खियों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है। इससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

सफाई के साथ जिम्मेदारी तय करना भी जरूरी

सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई और कचरा उठाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है, लेकिन इसके साथ ही दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए डस्टबिन की उपलब्धता, नियमित कचरा संग्रहण और खुले में कचरा फेंकने पर रोक जरूरी है। धरमपुरा की इस स्थिति को देखते हुए नगर पालिका से मौके का निरीक्षण कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित दुकान संचालकों को कचरा प्रबंधन के लिए स्पष्ट निर्देश देने की अपेक्षा है साथ ही नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। इस बीच ताजुब और हैरानी के बाद यह भी है कि कचरों के ढेर के पास ही नगर पालिका का धरमपुरा स्थित मनीकंचन केंद्र भी मौजूद है लेकिन यहां कचरे का अंबार लगा रहना पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोलता है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल सफाई अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित निगरानी और जवाबदेही के जरिए धरातल पर भी दिखाई देनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page