अपराधरायपुर

राजधानी में बड़ी चोरी: बंद दिन का फायदा उठाकर ज्वेलरी शॉप से करोड़ों के गहने पार

सत्यमेव न्यूज रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से सोने चांदी के लाखों नहीं बल्कि एक करोड़ रुपए से अधिक कीमत के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार खम्हारडीह इलाके स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। शातिर बदमाशों ने वारदात के लिए ऐसा समय चुना जब अगले दिन रविवार होने के कारण दुकान बंद रहती है। माना जा रहा है कि चोरों ने पहले से दुकान की गतिविधियों और बंद रहने के दिन की पूरी रेकी की थी ताकि उन्हें फरार होने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। सोमवार सुबह जब दुकान संचालक प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ। दुकान का शटर उठाते ही अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। शोकेस और लॉकर में रखे कीमती जेवरात गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के सराफा व्यापारियों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page