
गंडई में कीटनाशक लाइसेंस निलंबित, भंडारपुर में अवैध गोदाम सील; तीन केंद्रों की बिक्री पर रोक
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक एवं उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले के विक्रय एवं भंडारण केंद्रों की जांच तेज कर दी है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन और उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में कीटनाशक निरीक्षकों द्वारा दस्तावेज, स्टॉक, मूल्य सूची और भंडारण व्यवस्था की जांच की जा रही है। गंडई के हरिओम कृषि केंद्र में अवैध भंडारण स्थल संचालित करने और बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कीटनाशक पाए जाने पर कीटनाशक अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी गई। भंडारपुर के विकास कृषि केंद्र लोधी कृषि केंद्र एवं मां भवानी बहुउद्देश्यीय कृषक उत्पादन केंद्र में अनियमितता मिलने पर बिक्री प्रतिबंध लगाते हुए संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं सूर्याश कृषि केंद्र द्वारा जगदीश सिन्हा के निवास स्थल पर अवैध रूप से कीटनाशक एवं उर्वरक भंडारित किए जाने का मामला सामने आने पर विभाग ने गोदाम सील कर सामग्री की बिक्री पर रोक लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की। कृषि विभाग ने कहा है कि कृषि आदानों के अवैध भंडारण और नियम विरुद्ध बिक्री के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
