
जैविक खेती और कम लागत में अधिक उत्पादन के बताए तरीके
खैरागढ़। वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा में कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों के संयुक्त तत्वावधान में जैविक किसान मेला एवं कृषि कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 600 से अधिक किसानों ने भाग लिया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा संरक्षण, फसल विविधीकरण और तिलहन उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों की जानकारी दी।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने तथा शासन की किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और जल संरक्षण पर जोर दिया।मेले में कृषि प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए जहां उन्नत बीज, जैविक खाद निर्माण और फसल प्रबंधन की जानकारी दी गई। प्रगतिशील किसान बिसेशर साहू ने जैविक खेती के अपने अनुभव साझा किए वहीं बीआरसी ललिता यादव ने जैविक कीटनाशक तैयार करने का जीवंत प्रदर्शन कर किसानों को प्राकृतिक तरीके से कीट प्रबंधन की जानकारी दी।कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति हेमलता मांडवी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मेले का उद्देश्य किसानों को टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के लिए प्रोत्साहित करना रहा।