
जिपं उपाध्यक्ष ने नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्षों से की मुलाकात

पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने और पात्र किसानों तक आदान सहायता पहुंचाने का किया आह्वान
खैरागढ़। खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड की नवीन सहकारी समितियों में मनोनीत प्राधिकृत अध्यक्षों ने शुक्रवार को खैरागढ़ पहुंचकर प्रदेश भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर आभार व्यक्त किया। विक्रांत सिंह ने सभी का माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। इस अवसर पर विक्रांत ने कहा कि सहकारी समितियों में किसानों का हित सर्वोपरि होना चाहिए। सभी प्राधिकृत अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें। समिति में होने वाले प्रत्येक कार्य की जानकारी पदाधिकारियों को होनी चाहिए, ताकि किसानों का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। प्राधिकृत अध्यक्ष शासन और किसानों के बीच मजबूत सेतु बनकर काम करें तथा किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें तथा छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 21 क्विंटल धान बेचने से वंचित रह गए पंजीकृत किसानों को 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आदान सहायता राशि देने की घोषणा का उल्लेख करते हुए इसकी जानकारी पात्र किसानों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राधिकृत अध्यक्ष इस योजना का लाभ किसानों को दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने नवनियुक्त अध्यक्षों को बधाई देते हुए किसान हित में समर्पित होकर कार्य करने की अपेक्षा जताई वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेषर साहू ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके समग्र विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। इस दौरान नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप एवं सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा सहित राकेश ठाकुर, खेमराज जैन, हेमुदास साहू, संजय पारख, आनंद सिन्हा, आनंद पटेल, गोरेलाल वर्मा, रोशन चंद्राकर, मुकेश वर्मा, भीखू हिरवानी, लीला राम साहू, अमरसिंह साहू, राकेश वर्मा, यतीश साहू, अवध वर्मा, मक्रध्वज वर्मा, गौतम वर्मा, रमाशंकर वर्मा, धनेश वर्मा, बद्री मैथिलक्षत्रिय, मनसुख वर्मा, प्रद्युम्न वर्मा, आदर्श सिंह, राजेश वर्मा एवं पीतांबर वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
