KCG

सहकारिता समिति की बैठक में उर्वरक, धान कमी और पर्यटन संभावनाओं पर हुआ मंथन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की बैठक गुरुवार को आयोजित हुई जिसमें कृषि सहकारिता उद्योग मत्स्य पालन एवं खाद्य विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति सभापति जमुना नरेश कुर्रे ने की। बैठक में सहकारी समितियों में धान भंडारण के दौरान सामने आए शॉर्टेज के मामलों पर चर्चा हुई। सभापति ने संबंधित समितियों को कमी की भरपाई शीघ्र करने के निर्देश देते हुए डोकराभाटा समिति में लंबित कार्यों को जल्द शुरू कराने पर जोर दिया। किसानों को खेती के मौसम में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई है। विपणन विभाग की समीक्षा के दौरान बीते दो वित्तीय वर्षों की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग ने जानकारी दी कि राशन कार्ड से जुड़े नए आवेदन और संशोधन की प्रक्रिया अब ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है जिससे आम लोगों को सुविधा मिल रही है। मत्स्य पालन विभाग ने तालाब निर्माण एवं बायोफ्लॉक आधारित मत्स्य उत्पादन इकाइयों पर उपलब्ध अनुदान योजनाओं की जानकारी साझा की है। बैठक में छिंदारी बांध क्षेत्र में एक्वेरियम स्थापित करने का सुझाव भी सामने आया जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों में जलीय जीवों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में नए उद्योगों की स्थापना और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने पर चर्चा हुई। बुनकर समाज के युवाओं को पारंपरिक हस्तकरघा व्यवसाय से जोड़ने के लिए विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा उनके उत्पादों के डिजिटल प्रचार प्रसार की आवश्यकता बताई गई। इसके अलावा छिंदारी और पैलीमेटा बांध क्षेत्र में ट्रैकिंग एवं हाइकिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विकास की संभावनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया है। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सहकारी संस्थाओं के कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण एवं पौधों की देखरेख सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। सभापति ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आगामी बैठकों में अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करें। बैठक में समिति के सदस्य जिला पंचायत अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page