
खैरागढ़। दीपावली के पावन पर्व पर गौ संरक्षण, जीवदया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खैरागढ़ की मनोहर गौशाला द्वारा गोबर से निर्मित वैदिक दीपकों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। गौशाला की इस पहल के माध्यम से लोगों को पारंपरिक एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।गौशाला परिवार के अनुसार,l ये वैदिक दीपक गोबर और पारंपरिक औषधीय सामग्रियों से तैयार किए गए हैं। इन्हें तिल के तेल से प्रज्वलित करने की अपील की गई है। संस्था का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर गौसेवा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। गौशाला परिवार ने बताया कि पिछले वर्षों में भी इन दीपकों का देश-विदेश में निःशुल्क वितरण किया गया है। राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, विभिन्न राजभवनों एवं मुख्यमंत्री कार्यालयों तक भी ये दीपक पहुंचाए जा चुके हैं। संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस दीपावली प्रत्येक परिवार कम से कम एक गोबर से निर्मित दीपक अवश्य जलाए और गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बने।
यहां से प्राप्त कर सकते हैं निःशुल्क दीपक

रायपुर के पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट की दुकान नंबर-2 (मनोहरा साड़ी) तथा मनोहर गौशाला के मुख्य कार्यालय एवं जैविक कृषि प्रशिक्षण केंद्र से नागरिक निःशुल्क वैदिक दीपक प्राप्त कर सकते हैं। मनोहर गौशाला की यह पहल पर्व की खुशियों के साथ गौसेवा, स्वदेशी परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है।

