
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्ति पर हुआ सम्मान समारोह
खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देकर संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने वाले चार कर्मचारियों को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर भावभीनी विदाई दी गई। विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ एवं कर्मचारी कल्याण संघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त होने वालों में कार्यालय अधीक्षक चंद्रप्रकाश गायकवाड़, सहायक ग्रेड-1 लक्ष्मी सिंह, सहायक ग्रेड-2 विभाष मालवीय और ग्रंथालय सहायक ज्योति रानी झा शामिल हैं। इनमें चंद्रप्रकाश गायकवाड़ ने 43 वर्ष 9 माह, लक्ष्मी सिंह ने 40 वर्ष 3 माह, विभाष मालवीय ने 29 वर्ष 8 माह तथा ज्योति रानी झा ने 11 वर्ष 2 माह तक विश्वविद्यालय को अपनी सेवाएं दीं। चारों कर्मचारियों के योगदान को वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। समारोह में कुलपति प्रो.डॉ.लवली शर्मा, कुलसचिव वेंकट रमण गुड़े, सहायक कुलसचिव विजय सिंह, वित्त अधिकारी हर्षल चंद्रवंशी, संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. आशुतोष चौरे सहित कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों का अनुभव, समर्पण और निरंतर परिश्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखी एवं खुशहाल जीवन की कामना की। इस अवसर पर चारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विश्वविद्यालय परिवार से मिले सहयोग और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जेएन साटिया ने किया।

