KCG

त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विभाग की कार्रवाई, 31 नमूने जांच के लिए भेजे गए

खैरागढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत किराना दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी एवं खाद्य विनिर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार धृतलहरे एवं विभागीय टीम ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह और जालबांधा के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान मिठाई, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, मसाले एवं आटा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने संग्रहित किए गए। इनमें 16 विधिक एवं 15 सर्विलांस नमूने शामिल हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने बताया कि पूर्व में जांच के दौरान अमानक एवं असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन के कारोबार करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें वहीं खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का ही भंडारण, प्रदर्शन, विनिर्माण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर नागरिक विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page