
संस्थागत प्रसव बढ़ाने, टीबी मुक्त पंचायत- ब्लॉक बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संस्था प्रभारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एएनसी-1, एएनसी-4 तथा संस्थागत प्रसव में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने और घर पर होने वाले प्रसव को शून्य करने पर जोर दिया। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान नियमित फॉलोअप और समय पर रेफरल सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही छूटे बच्चों का टीकाकरण पूरा कराने तथा पात्र किशोरियों में एचवीपी वैक्सीनेशन बढ़ाने के निर्देश दिए।

टीबी मुक्त पंचायत और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर इंडिकेटर आधारित माइक्रो-प्लानिंग करने के निर्देश दिए गए। स्क्रीनिंग, जांच, उपचार, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, पोषण सहायता और फॉलोअप को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। पीएम जनमन के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट को दूरस्थ क्षेत्रों में अधिक से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने IDSP पोर्टल पर रोगों एवं असामान्य स्वास्थ्य घटनाओं की रियल टाइम रिपोर्टिंग तथा एनपी-एनसीडी के तहत उच्च रक्तचाप मधुमेह और कैंसर की स्क्रीनिंग व फॉलोअप बढ़ाने को कहा। मलेरिया लेप्रोसी और नेशनल ओरल हेल्थ कार्यक्रम में भी शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि निर्धारित दायित्वों के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले अधिकारी कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य केवल आंकड़ों की पूर्ति नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव सहित कार्यक्रम नोडल अधिकारी बीएमओ संस्था प्रभारी बीईटीओ एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

