Uncategorized

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का भव्य समापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पुलिस केसीजी द्वारा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कैंपस-2 ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं वन मंडलाधिकारी केसीजी की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले गुड सेमेरिटन, सड़क सुरक्षा मितान, सारथी, चालक संघ एवं स्वयंसेवी संगठनों को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया गया। इस दौरान जिलेभर में मोटरसाइकिल रैली निःशुल्क हेलमेट वितरण ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, ई-रिक्शा चालकों को यूनिक कोड, प्रदूषण जांच शिविर, निबंध, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, जागरूकता रथ भ्रमण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट, चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन के संपूर्ण दस्तावेज रखने तथा मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन न करने हेतु जागरूक किया गया। चौक-चौराहों पर बैनर-पोस्टर लगाकर आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की सफलता में स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, स्काउट-गाइड, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पत्रकारों की सक्रिय भूमिका रही। जिला पुलिस केसीजी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु निरंतर सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page