KCG

योग भारत की संस्कृति, परंपरा और स्वस्थ जीवन का आधार : ललित चंद्राकर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ सहित जिले के सभी विकासखंडों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय परिसर में हुआ जहां जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों विद्यार्थियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति धम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि भगवत शरण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सामूहिक योगाभ्यास की शुरुआत योग प्रशिक्षक मानस मणि साहू के मार्गदर्शन में हुई।प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र में ताड़ासन त्रिकोणासन वज्रासन उष्ट्रासन मकरासन शलभासन सेतुबंधासन पवनमुक्तासन सहित कई आसनों का अभ्यास कराया गया है। वहीं कपालभाति अनुलोम विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर ललित चंद्राकर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति परंपरा और पहचान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसके महत्व को स्वीकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक संतुलन आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी साधन भी है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता भी लाता है। वहीं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का ऐसा उपहार है जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। नियमित योग से तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। योगाभ्यास के बाद अतिथियों जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया है। जिले के सभी विकासखंडों शासकीय कार्यालयों शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभिन्न योग शिविरों में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ निरोग एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने उपस्थित अतिथियों जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों विद्यार्थियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page