
खैरागढ़। जिला भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसान मितान प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में किसान मितान प्रशिक्षण के संभाग प्रभारी अविरल सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने तथा किसानों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए बूथ स्तर पर किसान मितान तैयार करने की रणनीति बताई। अविरल सिंह ने कहा कि प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किसान मितान अभियान के माध्यम से किसानों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने खैरागढ़ विधानसभा के सभी 304 बूथों पर न्यूनतम 10-10 किसान मितान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों से अन्नदाताओं में उत्साह का वातावरण है।जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष केशव चंदेल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि किसान मितान के गठन से किसानों की समस्याओं को समझने और उनके साथ सीधा संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष बिशेषर साहू ने कहा कि किसान भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। किसान मितान अभियान में सभी वर्गों के साथ महिलाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर के किसान तक पहुंच सके। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यशाला को किसानों को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर बनाए जाने वाले किसान मितान खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान, फसल चक्र में नवाचार तथा किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन देने में सहयोगी बनेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसान निर्धारित लिंक के माध्यम से भी इस अभियान से जुड़ सकते हैं साथ ही उन्होंने किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।कार्यशाला में दिनेश वर्मा, अशोक साहू, परमानंद साहू, डोंगरू साहू, राजबहादुर सिंह, विनय देवांगन, विकेश गुप्ता, देवकुमार सेन, पुष्पराज सिंह, प्रेमसागर गुप्ता, आदर्श बहादुर सिंह, नरेंद्र श्रीवास, रोहित वर्मा, संदीप वैष्णव, नेमसिंग वर्मा, देवकुमार वर्मा, युवराज साहू एवं कालूराम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
