KCG

खैरागढ़ के छोटे से गांव केशला के खुलेश वर्मा बने रेलवे की क्षेत्रीय सलाहकार समिति के सदस्य

खैरागढ़। खैरागढ़ के छोटे से गांव केशला से निकलकर प्रदेश स्तर पर उपभोक्ता हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने वाले खुलेश वर्मा को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर जोन) की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) का सदस्य मनोनीत किया गया है। रेलवे बोर्ड एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आधिकारिक आदेश के अनुसार उपभोक्ता संरक्षण संगठन की श्रेणी में उनका चयन हुआ है। उनका कार्यकाल 1 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2028 तक रहेगा।

ज्ञात हो कि इस समिति के माध्यम से खुलेश वर्मा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अंतर्गत आने वाले बिलासपुर जोन के 644 रेलवे स्टेशनों से जुड़े यात्री हितों, सुविधाओं और उपभोक्ता अधिकारों के मुद्दों को रेलवे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं तथा रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।*अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष है खुलेश*अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष के रूप में खुलेश वर्मा पिछले छह वर्षों से उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संगठन के विस्तार के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन की जिला इकाइयों को मजबूत बनाने के साथ मिलावटखोरी, कालाबाजारी, अनुचित व्यापार और उपभोक्ता शोषण जैसे मुद्दों पर आवाज उठाई है।

खैरागढ़ के ग्राम केशला में एक सामान्य कृषक परिवार में पले-बढ़े खुलेश वर्मा ने सामाजिक कार्यों के जरिए अपनी पहचान बनाई है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर रायपुर में रहते हुए प्रदेशभर में उपभोक्ता संरक्षण के लिए उनकी सक्रियता इस जिम्मेदारी तक पहुंचने का महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस उपलब्धि को लेकर उनका कहना है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री, उचित मूल्य और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। अपने मनोनयन पर वर्मा ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ला के मार्गदर्शन और विश्वास के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रदेश प्रभारी बी.के. पाण्डेय, राष्ट्रीय महासचिव चितरंजन कुमार पर्वत, वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा अपने सहयोगी शैलेश चौधरी सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को समिति के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उनका प्रयास रहेगा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर रेल सुविधाएं मिलें तथा उनकी शिकायतों और अधिकारों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से रखा जा सके। उनके मनोनयन पर संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page