सातवीं के छात्र डिगेन्द्र की वैज्ञानिक सोच ने दिखाई नई राह, नींद आते ही चालक को अलर्ट करेगा सेंसरयुक्त चश्मा

संभाग स्तरीय विज्ञान मेले में मॉडल को मिला द्वितीय स्थान, कलेक्टर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला
खैरागढ़। छोटी उम्र में बड़ी सोच और समाज की समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान खोजने की ललक हो तो प्रतिभा निखरकर सामने आती है। इसका उदाहरण खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम दपका स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के कक्षा सातवीं के छात्र डिगेन्द्र कुमार सिन्हा ने प्रस्तुत किया है। उन्होंने वाहन चालकों को नींद आने पर सचेत करने के उद्देश्य से सेंसरयुक्त विशेष चश्मा तैयार किया है। चश्मे में लगे सेंसर द्वारा आंखों की गतिविधियों में झपकी के संकेत पहचानते ही बजर बजने लगता है जिससे चालक समय रहते सतर्क हो सके। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में उपयोगी इस नवाचार को दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में पांच जिलों के चयनित प्रतिभागियों ने अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए थे। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन की उपस्थिति में मॉडल का अवलोकन कर डिगेन्द्र को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने मार्गदर्शक शिक्षक अजय सिंह राजपूत, चंदन मिंज एवं प्रधानपाठक रघुनाथ प्रसाद सिन्हा के प्रयासों की भी सराहना की। उल्लेखनीय है कि डिगेन्द्र इससे पहले स्मार्ट हेलमेट अलर्ट एवं सड़क पर गायों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना देने वाली परियोजनाओं पर भी काम कर चुके हैं। उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार की सराहना करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें ‘मिनी वैज्ञानिक’ की संज्ञा दी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुश्री नीलम राजपूत एवं सहायक संचालक मनोहर लाल चंदेल ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी।
