
अभ्यर्थियों के लिए जारी किये गए सख्त दिशा-निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 का आयोजन 21 जून को दोबारा किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रवेश पत्र जारी होने के साथ ही अभ्यर्थियों को समयबद्ध तरीके से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। एनटीए के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों के द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी। परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र स्व-घोषणा पत्र वैध फोटो पहचान पत्र तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ रखने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन स्मार्ट वॉच ईयरफोन ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को निर्धारित समय से पहले परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं मिलेगी वहीं विशेष परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के मद्देनजर समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। स्व-घोषणा पत्र पर निर्धारित स्थान पर हाल ही का पोस्टकार्ड आकार का फोटो चिपकाना अनिवार्य किया गया है। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को अपने प्रमाण-पत्र और संबंधित दस्तावेज भी साथ रखने होंगे। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू रहेंगी। किसी भी प्रकार की नकल अथवा अनुचित साधनों के उपयोग की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपने केंद्र का पता एवं पहुंच मार्ग सुनिश्चित कर लें तथा आधिकारिक वेबसाइट पंजीकृत ई-मेल और मोबाइल पर प्राप्त सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें।

