जैव विविधता संरक्षण के लिए गांव-गांव में गठित होंगी प्रबंधन समितियां, जिला पंचायत में हुआ निर्णय

हर ग्राम पंचायत में पीपुल्स बायोडायवर्सिटी रजिस्टर बनाने पर जोर
जैव संसाधनों के संरक्षण और अवैध दोहन पर रोक लगाने की बनी कार्ययोजना
खैरागढ़। जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मैकाल सदन में शनिवार को जिला स्तरीय जैव विविधता प्रबंधन समिति (BMC) की बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के जैव संसाधनों के संरक्षण, उनके सतत उपयोग और उनसे मिलने वाले लाभ के न्यायसंगत वितरण पर चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि वन संपदा, औषधीय पौधे, देशी बीज, जल स्रोत और पारंपरिक ज्ञान हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए ग्राम स्तरीय समितियों को मजबूत करने और आम लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जैव विविधता प्रबंधन समितियों का गठन शीघ्र पूरा करने तथा प्रत्येक गांव में पीपुल्स बायोडायवर्सिटी रजिस्टर (PBR) तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने जैव संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने और महिलाओं एवं ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि जैव विविधता अधिनियम 2002 के प्रावधानों के अनुरूप समितियों के गठन, जैव संसाधनों का दस्तावेजीकरण, शुल्क एवं रॉयल्टी निर्धारण तथा जैव विविधता कोष के प्रबंधन के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए वन, पंचायत, कृषि और उद्यानिकी विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जैव विविधता से जुड़े पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण, जैव संसाधनों तक अवैध पहुंच रोकने तथा संरक्षण गतिविधियों में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति दिनेश वर्मा, सदस्य अरुण राजू सिंह बनाफर, उप संचालक पंचायत राज तिवारी, एसडीओ वन छुईखदान कीर्ति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
