चुनाव से ऐन पहले खैरागढ़ नगर पालिका को डिप्टी सीएम साव ने दी 30.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

टिकरापारा के बहुप्रतिक्षित पुल का भूमिपूजन रहा चर्चा में

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 61 कार्यों की रखी आधारशिला
दो सेतुओं का किया लोकार्पण; नगर विकास के लिए 4.30 करोड़ की अतिरिक्त घोषणा
सभी 20 वार्डों में पाइपलाइन विस्तार से 1200 घरों को नल कनेक्शन का वायदा
नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठनात्मक सक्रियता
खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच रविवार को खैरागढ़ पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जिले को 30 करोड़ 48 लाख रुपये के 63 विकास कार्यों की सौगात दी। टिकरापारा स्थित बर्फ़ानी धाम राम मंदिर प्रांगण में आयोजित समारोह में 25 करोड़ 10 लाख रुपये के 61 कार्यों का भूमिपूजन और 5 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो सेतुओं का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सबसे अहम सौगात मोती नाला पर निर्माणधीन टिकरापारा और नया टिकरापारा को जोड़ने वाले उच्चस्तरीय पुल की रही जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसके अलावा खैरागढ़ नगर के विकास के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये के चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की गई।
फतेह मैदान के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 50 लाख की घोषणा
घोषित कार्यों में राजा फतेह सिंह खेल मैदान के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 50 लाख, लाल बहादुर स्पोर्टिंग क्लब के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख, डॉ.भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन अमलीपारा के शेष निर्माण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए 60 लाख तथा गौरवपथ से शासकीय अस्पताल तक डामर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये शामिल हैं वहीं नगर के सभी 20 वार्डों में पाइपलाइन विस्तार कर लगभग 1200 घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।
चुनावी सौगात- टिकरापारा पुल का इंतजार होगा खत्म
कार्यक्रम में टिकरापारा उच्चस्तरीय पुल का भूमिपूजन प्रमुख आकर्षण रहा। लगभग 6 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से मोती नाला पर बनने वाले इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरत बताते हुए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया वहीं अरुण साव ने सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
देश-दुनिया में खैरागढ़ की अपनी अलग पहचान- साव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खैरागढ़ जिला मुख्यालय होने के साथ ही संगीत विश्वविद्यालय के कारण देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। इस पहचान के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से केसीजी जिले को 47 करोड़ रुपये मिले हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।*ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी गति- विक्रांत सिंह*जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि टिकरापारा पुल का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी। उन्होंने नगर पालिका चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र, राज्य और नगर निकाय में भाजपा की सरकार यानी ट्रिपल इंजन की जरूरत है। उन्होंने अपने पूर्व नगर पालिका कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता- गिरजा
नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर ने कहा कि नागरिकों को आवास, राशन कार्ड, नल कनेक्शन सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार ने कहा कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और कनिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित खैरागढ़ के अलग-अलग वार्डों के मतदाता मौजूद रहे।
