
वीबी जी रामजी योजना के. तहत ग्रामीणों ने रखे सुझाव
रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर
बाजार अतरिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती अवसर पर 2 अक्टूबर को राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में केंद्र सरकार की वीबी जी रामजी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा ग्राम की स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए गांव के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। ग्राम सभा में संयुक्त आयुक्त रायपुर रामधन श्रीवास, सहायक परियोजना अधिकारी खैरागढ़ प्रेम देवांगन, जनपद पंचायत खैरागढ़ के पीओ उपेंद्र वर्मा, सरपंच श्रीमती सीमा गुनेश वर्मा, पंचायत सचिव श्रीमती पुनीता साहू एवं रोजगार सहायक श्रीमती खिलेश्वरी जांघेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा वार्ड पंच टोपसिंह वर्मा, रामगोपाल वर्मा, राजेंद्र वर्मा, गजेंद्र रजक एवं चंद्रिका जंघेल सहित महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, स्वच्छता दीदियां, लखपति दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने विकास को लेकर दिए सुझाव
ग्रामसभा में योजना के उद्देश्यों, ग्रामीण विकास में जनभागीदारी तथा गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों ने गांव में रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्थानीय आजीविका के साधनों को मजबूत करने, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित सुझाव रखे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए कहा कि विकास कार्ययोजना को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपनी प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं को ग्राम सभा के माध्यम से सामने रखने की अपील की।
रोजगार और आजीविका को प्राथमिकता देने पर जोर
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती सीमा गुनेश वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य गांव के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। ग्रामीणों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिल सके।
महिलाओं की रही उल्लेखनीय सहभागिता
विशेष ग्राम सभा में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छता दीदियों एवं लखपति दीदियों की सक्रिय उपस्थिति ने ग्रामीण विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। महिलाओं ने भी गांव की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे।महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज, स्वावलंबन और जनभागीदारी के विचारों को केंद्र में रखते हुए सोनपुरी को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और विकसित ग्राम बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। ग्राम सभा के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से ग्रामीणों से नियमित रूप से ग्राम सभा में भाग लेने तथा विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की गई।
