
कलेक्टर ने एनकॉर्ड समिति की बैठक में दिए निर्देश
औषधि प्रतिष्ठानों की जांच और सीसीटीवी निगरानी पर होगा फोकस
मानस हेल्पलाइन 1933 का होगा व्यापक प्रचार
खैरागढ़। जिले में नशे के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशासन अब विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान चलाएगा। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक में नशीली औषधियों के अनधिकृत कारोबार पर निगरानी, औषधि प्रतिष्ठानों की जांच और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग को औषधियों के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिले के सभी औषधि प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी निगरानी व्यवस्था की जांच करने के भी निर्देश दिए। बैठक में बच्चों और किशोरों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीरता से लेते हुए इसकी रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि नशे के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों पर नजर रखते हुए संबंधित विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम और प्रचार अभियान संचालित किए जाएं। इसके साथ ही नशे से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के लिए संचालित मानस पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने और रोकथाम के प्रयासों को मजबूती मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को जांच, निगरानी और जनजागरूकता के कार्यों में आपसी तालमेल बनाए रखते हुए निर्देशों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, आबकारी विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

