
खेमराज बाफना मानव कल्याण ट्रस्ट एवं यश मेडिकोज की संयुक्त पहल

मरीजों को मिली निःशुल्क जांच और दवाइयों की सुविधा
खैरागढ़। आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को आईएलएस हॉस्पिटल, खेमराज बाफना मानव कल्याण ट्रस्ट एवं यश मेडिकोज खैरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 165 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। इनमें मस्तिष्क एवं रीढ़ रोग विशेषज्ञ डॉ.अमित जैन, मूत्र एवं किडनी प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ.हर्ष जैन, डॉ.हितेश दुबे तथा हड्डी रोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ.अभिषेक त्रिपाठी शामिल रहे वहीं आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ.श्रुति जैन ने भी मरीजों को परामर्श देते हुए खानपान, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। शिविर में बीपी, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी और बीएमआई की जांच निःशुल्क की गई। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, जरूरी स्वास्थ्य जांच और दवाइयों की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिला। शिविर के माध्यम से गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व का संदेश भी दिया गया। आयोजकों की इस पहल को जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।